भुवनेश्वर में राहुल गांधी का भाजपा पर तीखा हमला: “बिहार में चुनाव चोरी की साजिश, अदाणी चला रहे ओडिशा सरकार”

भुवनेश्वर, जनमुख न्यूज़। आयोजित कांग्रेस के “संविधान बचाओ समावेश” कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र की तरह अब बिहार में भी चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस और विपक्ष इसे सफल नहीं होने देंगे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा की तरह व्यवहार कर रहा है और निष्पक्षता छोड़ चुका है। उन्होंने कहा, “मैं हाल ही में बिहार गया था। वहां भी वैसी ही साजिश रची जा रही है जैसी महाराष्ट्र में हुई। वहां एक करोड़ नए मतदाता जोड़ दिए गए, जिनकी पहचान आज तक नहीं पता चली। हमने मतदाता सूची और वीडियो की मांग की लेकिन चुनाव आयोग ने जवाब नहीं दिया।”
ओडिशा की भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए राहुल गांधी ने कहा, “ओडिशा सरकार का एक ही काम है—गरीबों, आदिवासियों और किसानों की संपत्ति को 5-6 अरबपतियों को सौंपना। यह सरकार अदाणी जैसे पूंजीपतियों के इशारे पर चल रही है। जब जगन्नाथ यात्रा में रथ खींचे जाते हैं, तो अदाणी परिवार के लिए रथ रोका जाता है। यह दिखाता है कि यह सरकार किसके अधीन है।”
उन्होंने ओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि राज्य में 40,000 से अधिक महिलाएं लापता हैं और हर दिन औसतन 15 दुष्कर्म की घटनाएं होती हैं। उन्होंने इसे राज्य की भयावह स्थिति बताया और कहा कि यह सरकार जनता का खून चूस रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “भाजपा दलितों और आदिवासियों के अधिकार छीनने पर तुली है। ओडिशा में दलितों और सरकारी अधिकारियों पर भाजपा समर्थकों द्वारा हमले हो रहे हैं। संविधान से धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को खत्म करने की साजिश रची जा रही है।”
खरगे ने जनता से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट हों और इस लोकतांत्रिक संघर्ष में कांग्रेस का साथ दें।

