राजीव कृष्ण बने यूपी के नए डीजीपी, 11 वरिष्ठ आईपीएस अफसरों को किया सुपरसीड

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार ने 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। राजीव कृष्ण वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष और डायरेक्टर विजिलेंस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने शनिवार रात करीब 9 बजे डीजीपी का कार्यभार ग्रहण किया।
राजीव कृष्ण को यह नियुक्ति 11 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को सुपरसीड करके दी गई है। निवर्तमान डीजीपी प्रशांत कुमार को सेवा विस्तार नहीं दिया गया, जिसके चलते देर शाम सरकार ने यह घोषणा की। पिछले एक सप्ताह से प्रशांत कुमार के सेवा विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अंतिम क्षणों में फैसला बदलते हुए शासन ने राजीव कृष्ण को डीजीपी नियुक्त कर दिया।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने 2024 में उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक चयन एवं नियुक्ति नियमावली को मंजूरी दी थी, लेकिन उसके तहत अभी तक चयन समिति का गठन नहीं हुआ है। ऐसे में डीजी विजिलेंस रहे राजीव कृष्ण को डीजीपी पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था।
राजीव कृष्ण मूल रूप से गौतमबुद्धनगर के निवासी हैं और उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक किया है। उन्हें दो बार राष्ट्रपति गैलेंट्री अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

