कॉन्स्टीट्यूशन क्लब चुनाव में फिर जीते राजीव प्रताप रूडी, भाजपा बनाम भाजपा की जंग में बरकरार रखा दबदबा

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव पद के लिए हुए हाई प्रोफाइल चुनाव में भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने एक बार फिर जीत हासिल की। उन्होंने अपनी ही पार्टी के पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान को हराकर इस पद पर करीब ढाई दशक से जारी अपना कब्जा कायम रखा। इस बार का मुकाबला खास इसलिए भी था क्योंकि दोनों उम्मीदवार भाजपा से थे, जिससे चुनाव भाजपा बनाम भाजपा की जंग में बदल गया।
चुनाव में कुल 1,295 मतदाताओं में से 707 ने वोट डाले, जो अब तक का रिकॉर्ड है। इनमें 38 डाक मत और 669 मौके पर डाले गए वोट शामिल हैं। रूडी को 391 वोट मिले, जबकि बालियान को 291 वोट हासिल हुए। पहली बार भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों ने मतदान किया।
चुनाव में वर्तमान और पूर्व सांसद ही वोट डाल सकते हैं। मुकाबले को दिलचस्प बनाने में विभिन्न दलों के नेताओं ने अहम भूमिका निभाई। रूडी के पक्ष में भाजपा के कुछ सांसदों के साथ कांग्रेस, सपा, टीएमसी और निर्दलीय सांसद भी खड़े हुए, जबकि बालियान को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का समर्थन मिला।
इस बार मुकाबला इतना हाई प्रोफाइल हो गया कि मतदान का प्रतिशत करीब 52% तक पहुंच गया। इससे पहले सचिव पद के तीन चुनावों में औसतन सौ के आसपास ही वोट पड़ते थे। खेल सचिव पद पर राजीव शुक्ला, संस्कृति सचिव पर तिरुचि शिवा और कोषाध्यक्ष पद पर जितेंद्र रेड्डी निर्विरोध चुने गए।

