रणवीर सिंह की नई फिल्म ‘धुरंधर’ का दमदार फर्स्ट लुक जारी, एक्शन और इमोशंस से भरपूर होगी कहानी

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह ने अपने 40वें जन्मदिन पर अपनी अगली एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ की घोषणा कर दी है। इस मौके पर फिल्म का आधिकारिक फर्स्ट लुक वीडियो भी रिलीज किया गया, जिसमें रणवीर बेहद इंटेंस और दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। आखिरी बार ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए रणवीर अब बड़े पर्दे पर एक नई ऊर्जा के साथ वापसी करने को तैयार हैं।
‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसी सुपरहिट फिल्म के निर्देशक आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर के साथ संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज सितारे भी नजर आएंगे।
धुरंधर का फर्स्ट लुक एक 2 मिनट 40 सेकंड लंबा वीडियो है, जो रॉ, इंटेंस और हाई-ऑक्टेन एक्शन से भरपूर है। वीडियो में सस्पेंस, धांसू डायलॉग्स और जबरदस्त एक्शन की झलक देखने को मिलती है।
फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव ने दिया है, जिसमें सिंगर जैस्मिन सैंडलस की आवाज़ है। साथ ही इसमें न्यू-एज म्यूजिक आर्टिस्ट हनुमनकाइंड का भी कोलैबोरेशन है, जो गाने को एक बिल्कुल नया और हटकर फ्लेवर देता है।
‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे जिओ स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज प्रोड्यूस कर रहे हैं। फैन्स के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

