फिर शुरु होगी संत प्रेमानंद महाराज की दैनिक यात्रा

लखनऊ, जनमुख न्यूज। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए देश भर से पहुंचे भक्त घंटों इंतजार करते हैं और बड़ी संख्या में उनके साथ पदयात्रा करते हैं। हाल ही में, प्रेमानंद महाराज ने अपनी रात २ बजे की पैदल यात्रा को कुछ दिनों के लिए रद्द कर दिया था, जिससे उनके दर्शन के लिए आए भक्तों में निराशा पैâल गयी थी। अब एक बार फिर प्रेमानंद महाराज ने कुछ बदलाव के साथ अपनी यात्रा शुरु करने का निर्णय किया है। जिसके अनुसार अब वे भोर में चार बजे केली कुंज आश्रम के बाहर गली में पैदल चलकर अपने अनुयायियों को दर्शन देंगे।
संत प्रेमानंद महाराज रोज़ रात २ बजे सुनरख रोड से श्री राधे हित केली कुंज आश्रम तक पैदल यात्रा करते थे, लेकिन हाल ही में सुनरख रोड स्थित एनआरआई ग्रीन अपार्टमेंट के कुछ निवासियों ने आधी रात में होने वाली इस यात्रा के दौरान होने वाली आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों को लेकर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इस वजह से उन्हें बहुत परेशानी हो रही थी। और उन्हें रात में सोने में दिक्कत का सामना का करना पड़ता था। इसके बाद, संत प्रेमानंद महाराज ने अपनी पदयात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया और कार से यात्रा करने लगे।
महाराज ने जब कार से यात्रा शुरू की, तो उनके अनुयायी दुखी हो गए और उन्होंने महाराज से पैदल यात्रा जारी रखने की अपील की। भक्तों की भावनाओं को देखते हुए, महाराज ने कुछ दूरी पैदल चलकर दर्शन दिए। अब, उन्होंने यह निर्णय लिया है कि वे रोज़ाना भोर में चार बजे केली कुंज आश्रम के बाहर गली में आकर कार से उतरेंगे और फिर पैदल यात्रा करेंगे, ताकि वे अपने भक्तों को दर्शन दे सकें और आश्रम में उनसे मुलाकात भी कर सकें।
यह घटना सोशल मीडिया पर बहुत चर्चा का विषय बन गई थी। कई लोगों ने एनआरआई ग्रीन अपार्टमेंट के निवासियों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने ब्रज की परंपराओं का अपमान किया है। वहीं कुछ लोग यात्रा के शोर से अपार्टमेंट के लोगों के निजी जीवन में होने वाले दखल को लेकर उनका समर्थन भी कर रहे थे।

