संत रविदास जयंती में शामिल होने वाराणसी पहुंचे संत निरंजन दास, बेगमपुरा स्पेशल ट्रेन से हुआ आगमन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। संत रविदास जयंती समारोह में भाग लेने के लिए श्रीगुरु रविदास जन्मस्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन संत निरंजन दास शुक्रवार शाम वाराणसी पहुंचे। जालंधर से रवाना हुई बेगमपुरा विशेष ट्रेन तय समय दोपहर 12 बजे के बजाय करीब शाम 5 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंची।
स्टेशन पर संत निरंजन दास के स्वागत के लिए पब्लिक ट्रस्टी निरंजन दास चीमा मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि 1 फरवरी को जगतगुरु संत रविदास की जयंती मनाई जा रही है और संत निरंजन दास के सान्निध्य में यह आयोजन होना गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि समारोह को लेकर मंदिर और मेला स्थल पर जोरदार तैयारियां की गई हैं। लाखों श्रद्धालु पहले से मौजूद हैं और लगातार लोगों के आने का सिलसिला जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि कई गणमान्य लोगों को आमंत्रण भेजा गया है, लेकिन अभी तक किसी का आधिकारिक प्रोटोकॉल नहीं मिला है।
संत निरंजन दास के साथ 500 से अधिक एनआरआई और करीब 2500 अनुयायी बसों के जरिए सीरगोवर्धनपुर के लिए रवाना हुए। ट्रेन से उतरते ही अनुयायियों ने जयकारे लगाए। संत निरंजन दास ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया और सुरक्षा घेरे में स्टेशन परिसर के बाहर लगाए गए टेंट तक पहुंचे। विशेष ट्रेन में कुल 20 स्लीपर कोच थे और संत निरंजन दास भी अन्य श्रद्धालुओं की तरह स्लीपर क्लास में ही यात्रा कर वाराणसी पहुंचे।
संत रविदास जयंती को देखते हुए सीरगोवर्धनपुर स्थित मेला क्षेत्र में रविवार को अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत एक इंस्पेक्टर, दो पुरुष व दो महिला दरोगा और आठ सिपाहियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

