2.93 करोड़ की साड़ी चोरी का खुलासा, गैंगस्टर हारिस नसीम और पिता नसीम अहमद गिरफ्तार

मऊ, जनमुख न्यूज़। 2.93 करोड़ रुपये की साड़ी चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर हारिस नसीम और उसके पिता नसीम अहमद उर्फ कोठा को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस इससे पहले 30 दिसंबर को आरोपियों के परिजनों के नाम अलग-अलग बैंकों में जमा 83.90 लाख रुपये जब्त कर चुकी है। गिरफ्तारी से बचने के चलते पुलिस अधीक्षक ने 8 दिसंबर 2025 को दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि मऊ कोतवाली क्षेत्र के कासीमपुर निवासी हारिस नसीम लंबे समय से फरार चल रहा था। मुखबिर से सूचना मिली कि वह बिहार के सिवान जिले में रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है। इस पर पुलिस टीम ने 1 जनवरी को सिवान के तेलहट्टा बाजार से दोपहर करीब 3:30 बजे हारिस को गिरफ्तार कर मऊ ले आई।
पूछताछ के दौरान हारिस ने बताया कि उसके पिता नसीम अहमद उर्फ कोठा शुक्रवार सुबह वाराणसी से मऊ आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर सुबह 8:30 बजे रेलवे स्टेशन के रामलीला मैदान के पास से नसीम अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, हारिस का बड़ा भाई होजैफा नसीम पहले से ही जेल में बंद है। बीते 5 दिसंबर को इस गिरोह के सरगना होजैफा नसीम, उसके पिता नसीम अहमद उर्फ कोठा, भाई हारिस समेत डोमनपुरा निवासी साहब अहमद, दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के नवापुरा निवासी मोहम्मद आमिर और हमीनपुरा पश्चिम निवासी मोहम्मद उमर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
इन सभी पर साड़ी की दुकान और गोदाम से करीब 2.96 करोड़ रुपये मूल्य की साड़ियों की चोरी का आरोप सिद्ध हुआ है। जांच में सामने आया कि दुकान में सेल्समैन के रूप में काम करने वाले होजैफा को मात्र 8 हजार रुपये वेतन मिलता था, लेकिन उसके बैंक खातों में लाखों रुपये का लेनदेन हो रहा था।
थाना कोतवाली क्षेत्र के न्याज मोहम्मदपुरा निवासी साड़ी व्यापारी अफजाल की तहरीर पर 12 फरवरी को होजैफा नसीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वह करीब सात वर्षों से दुकान पर काम कर रहा था और लंबे समय से बिना जानकारी के दुकान और गोदाम से साड़ियां निकालकर अपने ठिकानों पर जमा कर रहा था।
13 फरवरी को पुलिस ने होजैफा नसीम और साहब अहमद को बंधा रोड से गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर मोहम्मद आमिर के घर से 34 बोरियों में रखी 3344 साड़ियां और साहब अहमद के घर से चार बोरियों में रखी 275 साड़ियां बरामद हुई थीं, जिनकी कीमत करीब 20.64 लाख रुपये आंकी गई थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

