सारनाथ: गरजते बादलों के बीच भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर गिरी आकाशीय बिजली, शीर्ष भाग टूटा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। रविवार तड़के सारनाथ स्थित प्रसिद्ध थाई बौद्ध मंदिर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई और आकाशीय बिजली सीधे भगवान बुद्ध की 80 फीट ऊंची प्रतिमा पर गिर गई। हादसे में प्रतिमा का ऊपरी हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा, जिससे मंदिर परिसर में सनसनी फैल गई।
मंदिर के भिक्षु मांगलिकों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 4:25 बजे हुई, जब बिजली प्रतिमा पर गिरी। इस प्रतिमा का निर्माण अफगानिस्तान की बामियान घाटी में मौजूद ऐतिहासिक बुद्ध प्रतिमाओं की शैली में किया गया था। बामियान की वह मूर्तियां पहली शताब्दी में बनी थीं, जिन्हें 2001 में तालिबान ने नष्ट कर दिया था। उनकी स्मृति में इस प्रतिमा का निर्माण वर्ष 2001 में शुरू हुआ और 2011 में यह बनकर तैयार हुई।
यह मूर्ति अभय मुद्रा में चल रहे भगवान बुद्ध को दर्शाती है और इसकी ऊंचाई 80 फीट है। इतनी ऊंचाई होने के कारण इसके साथ बिजली रोधक यंत्र भी लगाया गया था, लेकिन फिर भी प्रतिमा को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक आश्चर्यचकित हैं और यह विषय स्थानीय स्तर पर चर्चा में बना हुआ है। मंदिर प्रशासन ने जानकारी दी है कि जल्द ही प्रतिमा की मरम्मत कर उसे पुनः पूर्व स्वरूप में स्थापित किया जाएगा।

