मनरेगा बचाओ संग्राम: वाराणसी में अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस का उपवास, टाउनहाल पर कड़ी सुरक्षा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को टाउनहाल, मैदागिन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने एक दिन के उपवास पर बैठे। यह उपवास मनरेगा के स्थान पर ‘वीबी-जी राम जी’ कानून लागू किए जाने के विरोध में किया जा रहा है। अजय राय के नेतृत्व में कई जिलाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी भी उपवास और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।कांग्रेस की ओर से यह प्रदर्शन मनरेगा को उसके मूल अधिकार-आधारित स्वरूप में बहाल कराने, ग्रामीणों के काम और आजीविका के अधिकार की रक्षा तथा पंचायतों की भूमिका को मजबूत करने की मांग को लेकर आयोजित किया गया है। इसी क्रम में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा लंका चौराहे से प्रधानमंत्री कार्यालय तक ‘मनरेगा बचाओ मार्च’ का आह्वान किया गया, जिस पर पुलिस ने नजर बनाए रखी। प्रयागराज से आए दो एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
कांग्रेस ने मनरेगा को कथित रूप से कमजोर किए जाने के विरोध में रविवार से 45 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ की शुरुआत की है, जो 25 फरवरी तक चलेगा। इस अभियान के तहत वाराणसी में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के एक दिन के उपवास से आंदोलन की औपचारिक शुरुआत की गई। इसके साथ ही सभी जिला मुख्यालयों पर भी एक दिन का उपवास और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
लंका चौराहे पर एसीपी गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि टाउनहाल क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। एसीपी कोतवाली, एसीपी विमेन क्राइम, थाना प्रभारी कोतवाली समेत दो थानों की फोर्स और आरआरएफ के जवान मौके पर मौजूद रहे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
अजय राय ने बताया कि 12 से 29 जनवरी के बीच सभी ग्राम पंचायतों में चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 30 जनवरी को काम के अधिकार की मांग को लेकर वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। इसके बाद 7 से 15 फरवरी के बीच विधानसभा का घेराव किया जाएगा, जबकि आंदोलन के अंतिम चरण में 16 से 25 फरवरी के बीच चार बड़ी रैलियां आयोजित होंगी।

