सारनाथ में सड़क किनारे युवक की लाश मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रोते-बिलखते मृतक सतीश के परिजन
वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सारनाथ के रजनहियां इलाके में सोमवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के नंबर के आधार पर युवक की पहचान की।
मृतक की पहचान सतीश पटेल (25) के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग जुट गए।
मृतक के पिता अशोक पटेल ने बताया कि रविवार रात सतीश पड़ोस के गांव बनवारिपुर में शमशेर पटेल के घर भारत‑न्यूजीलैंड टी20 फाइनल मैच देखने गया था। परिवार के लोग भी रात करीब 12 बजे तक मैच देखकर सो गए थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे उनके भाई विजय ने सतीश की मौत की जानकारी दी।
पिता के अनुसार घटना उनके घर से करीब 200 मीटर दूर अंग्रेजी शराब की दुकान के पास सड़क पर हुई, जहां सतीश की बाइक भी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि रात में पुलिस ने परिवार को कोई सूचना नहीं दी और बिना पहचान किए ही शव को लावारिस समझकर उठा लिया।
सतीश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और सोनातालाब के एक निजी स्कूल में वैन चलाने का काम करता था। उसकी शादी तीन महीने पहले ही हरहुआ क्षेत्र के दुनियापुर गांव निवासी ज्योति से हुई थी।
सतीश की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पत्नी ज्योति पति का शव देखकर बार-बार बेहोश हो रही थी। आसपास मौजूद लोग भी इस दर्दनाक दृश्य को देखकर भावुक हो उठे।
वहीं पिता अशोक पटेल का कहना है कि यह सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि उनके बेटे की हत्या है।
इस मामले में विदुष सक्सेना (एसीपी) ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।

