मकर संक्रांति पर हादसों की छाया: सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, गंगा स्नान के दौरान किशोर डूबा

मिर्जापुर, जनमुख न्यूज़। मकर संक्रांति के पर्व पर जहां एक ओर स्नान-दान और पूजा-अर्चना का सिलसिला चला, वहीं दूसरी ओर अलग-अलग इलाकों में हुई दुखद घटनाओं ने पर्व की खुशियां मातम में बदल दीं। लालगंज और चील्ह थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में एक युवक और एक किशोर की मौत हो गई।लालगंज थाना क्षेत्र के चिरुईराम गांव में पानी की टंकी के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी बहन के घर खिचड़ी पहुंचाकर वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।इसी तरह चील्ह थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव स्थित गंगा घाट पर स्नान के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथियों को समय रहते बचा लिया गया। चील्ह थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य के अनुसार, मझिगवां गांव निवासी रिंकू सिंह का 16 वर्षीय पुत्र श्रेयस सिंह अपने तीन दोस्तों अमन सिंह (16), सूर्य प्रताप सिंह (17) और अतुल सिंह (16) के साथ गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गंगा स्नान के लिए घाट पर गया था।स्नान के दौरान चारों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर मछुआरों और नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए अमन, सूर्य प्रताप और अतुल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन श्रेयस सिंह गहरे पानी में समा गया।करीब आधे घंटे की तलाश के बाद नाविकों ने श्रेयस को बाहर निकाला और परिजन उसे तत्काल मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमन सिंह का उपचार मंडलीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि अतुल सिंह और सूर्य प्रताप सिंह की हालत सामान्य बताई जा रही है।सूचना मिलने पर चील्ह पुलिस मंडलीय अस्पताल पहुंची और परिजनों की सहमति से पंचनामा कर शव उन्हें सौंप दिया। श्रेयस सिंह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और मिर्जापुर के वर्धमान पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल का छात्र था। परिजनों ने बताया कि वह पहली बार गंगा स्नान करने गया था।

