वाराणसी में शिवपाल यादव का भव्य स्वागत, बोले- पीडीए अभियान से भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का सोमवार को वाराणसी होते हुए विंध्याचल धाम जाते समय पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत किया। मिर्जामुराद क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी, महाराजगंज और औराई चौराहे सहित कई स्थानों पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
जगह-जगह बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक पहले से ही स्वागत के लिए मौजूद थे। स्वागत के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के हर वर्ग की आवाज उठाती रही है। उनका दावा था कि पार्टी का पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करने और समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं जनहित के कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं और उनकी सक्रियता ही पार्टी को मजबूती देती है।
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान किए गए विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

