सोनिया गांधी का केंद्र सरकार पर हमला: नेहरू की छवि मिटाने और इतिहास बदलने की कोशिशों का आरोप

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को बदनाम करना और उनके योगदान को कमतर दिखाना है।
सोनिया गांधी ने कहा कि यह सिर्फ नेहरू की छवि मिटाने की कोशिश नहीं है, बल्कि देश की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक नींव को भी कमजोर करने का प्रयास है। उनका कहना था कि नेहरू के विचारों और कामों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, ताकि आधुनिक भारत की बुनियाद और उनके द्वारा बनाए गए ढांचे को नुकसान पहुँचाया जा सके।सोनिया ने नेहरू के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी, जिसमें विज्ञान, तकनीकी क्षमता, बड़े उद्योग, योजनाबद्ध अर्थव्यवस्था और धर्मनिरपेक्षता शामिल हैं।
नेहरू का मतलब था भारत की विविधताओं का सम्मान और एकता को मजबूत करना। उन्होंने कहा कि नेहरू पर आलोचना हो सकती है, लेकिन झूठ फैलाकर उन्हें गलत साबित करना देश के साथ धोखा है।
सोनिया ने यह भी आरोप लगाया कि जो लोग नेहरू को निशाना बना रहे हैं, उनका स्वतंत्रता संग्राम से कोई लेना-देना नहीं था। उनका कहना था कि ऐसी विचारधारा ने संविधान निर्माण में योगदान नहीं दिया और इतिहास को अपने हिसाब से बदलने की कोशिश की। उन्होंने चेतावनी दी कि नेहरू की विरासत की रक्षा करना केवल सम्मान का मुद्दा नहीं, बल्कि भारत के संविधान, लोकतंत्र और वैज्ञानिक सोच की रक्षा का सवाल है।उन्होंने कहा कि चुप बैठना विकल्प नहीं है और अगर आज आवाज़ नहीं उठाई गई, तो आने वाली पीढ़ियों तक असली इतिहास नहीं पहुंचेगा।

