गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने पर वाराणसी में उबाल, सपा और आप कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) और आम आदमी पार्टी (आप) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेता और पूर्व पार्षद रविकांत विश्वकर्मा ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए अपने घर के दो सिलेंडरों को नगर निगम की कूड़ा गाड़ी में डाल दिया और कर्मचारियों से उन्हें उठाने को कहा।
रविकांत ने कहा कि महंगाई ने आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है और अब गैस चूल्हे पर भोजन बनाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने अपने हाथ पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत पहले गरीबों को सिलेंडर दिए गए थे, लेकिन अब महंगे दामों के चलते वही सिलेंडर उनके लिए बेकार हो गए हैं।
भैसासुर घाट पर सपा और आप के कार्यकर्ता गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे और मां गंगा से प्रार्थना की कि पेट्रोलियम मंत्री को सद्बुद्धि मिले। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने गैस सिलेंडरों को गंगा में विसर्जित कर दिया। उनका कहना था कि जब सिलेंडर इतना महंगा हो गया है कि इस्तेमाल ही न हो सके, तो उसे रखना व्यर्थ है।समाजवादी पार्टी दक्षिणी विधानसभा के कार्यकर्ता और प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल महासभा रमाकांत जायसवाल के नेतृत्व में महंगाई ,बेरोजगारी के इस दौर में जहां इस महीने परिवार के लोग बच्चों के एडमिशन में परेशान है वहीं गैस के दाम में वृद्धि करके मिडल परिवार के साथ धोखा देने का काम केंद्र सरकार ने किया है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।


