तेज रफ्तार पिकअप ने छीनी दो जिंदगियां: बाइक सवार दंपती की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

चंदौली, जनमुख न्यूज़। बबुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। लेवा–इलिया मार्ग पर भूड़कुड़ा गांव के सामने तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान विनोद यादव (38) और उनकी पत्नी नीलम यादव (35) के रूप में हुई है। दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विनोद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीलम यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल नीलम को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर बबुरी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को थाने में खड़ा करा लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक दंपती के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने लेवा–इलिया मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

