अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में वाराणसी में सपा का प्रदर्शन, बीएचयू गेट पर धरना; 20 कार्यकर्ता हिरासत में

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बीएचयू के सिंहद्वार (मुख्य गेट) पर एकत्र हुए और सड़क पर बैठकर धरना दिया। इस दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।धरने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रदर्शन समाप्त कराने को लेकर पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को उठाकर हिरासत में लिया।बताया गया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में प्रदर्शन किया। अचानक हुए धरने के कारण बीएचयू गेट के आसपास यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही कुछ समय तक बाधित रही।प्रदर्शन के दौरान बीएचयू के कुछ छात्र भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम भी वहां पहुंची और छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकते हुए उन्हें परिसर के भीतर भेज दिया। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त कराते हुए सभी प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर रामनगर थाने भेज दिया। सपा कार्यकर्ताओं के अनुसार, करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

