असम की राजनीति में हलचल: एजीपी के पूर्व नेता जयंत खाउंड कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। असम में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को जयंत खाउंड ने असम गण परिषद छोड़कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।
नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा।
इस दौरान गौरव गोगोई, जितेंद्र सिंह और डी. के. शिवकुमार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जयंत खाउंड ने कुछ दिन पहले ही एजीपी से इस्तीफा दिया था और उनके साथ कई सहयोगियों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।
असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने जयंत खाउंड का स्वागत करते हुए कहा कि वह लंबे समय से पार्टी के संपर्क में थे और जनता की सेवा के लिए कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे। उन्होंने कहा कि खाउंड के आने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा और राज्य के कई क्षेत्रों में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
गोगोई ने इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता मौजूदा सरकार के कामकाज से परेशान है और शासन में मनमानी तथा भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।
वहीं कांग्रेस महासचिव जितेंद्र सिंह ने कहा कि जयंत खाउंड लंबे समय से असम की संस्कृति और क्षेत्रीय हितों की रक्षा के लिए काम करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में वर्तमान सरकार क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जयंत खाउंड जैसे जमीनी नेता के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती मिलेगी और कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी।

