कन्नौज में इत्र व्यापारी के घर छापे से हड़कंप

लखनऊ, जनमुख न्यूज। कन्नौज में आज सुबह इत्र व्यापारी के कई ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग के छापे से हड़कंप मच गया। इनकम टैक्स और जीएसटी की टीम जब सुबह-सुबह कारोबारी के घर पहुंची तो कारोबारी के परिजनों ने गेट नहीं खोला। जिस पर अफसरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया। घर में घुसने के बाद इनकम टैक्स अधिकाररियों ने सभी दरवाजे बंद कर दिए और कारोबारी के घर के सभी मोबाइल भी अपने कब्जे में लेने के बाद अपनी जांच पड़ताल शुरु की।
बताया जाता है कि सरायमीरा-कन्नौज रोड स्थित अशोक नगर एक ही कैंपस में इत्र कारोबारी सुबोध और उसके भाइयों अतुल, मनोज, विपिन, राम, श्याम का मकान और कारखाना है। इनकी इत्र फर्म चंद्रवली एंड संस के साथ-साथ घर पर भी सुबह करीब ७ बजे आईटी और जीएसटी की टीम पहुंची।
इत्र कारोबारी सुबोध और उनके भाइयों के खिलाफ इनकम टैक्स विभाग को गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने कार्रवाई की। फिलहाल, अधिकारियों ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया है।
कारोबारी का राजनीतिक दलों से है संबंध
सुबोध के परिवार का सभी राजनीतिक पार्टियों से अच्छे संबंध हैं। मनोज पूर्व सपा प्रदेश सचिव रह चुके हैं। अखिलेश के करीबी माने जाते हैं। वहीं, एक भाई विपिन समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के करीबी हैं। इसके अलावा, राम दीक्षित के भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक से अच्छे संबंध हैं। सुबोध दीक्षित की पत्नी उमा दीक्षित ने पिछले साल कन्नौज नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव लड़ा था। उमा ने भाजपा की ओर से दावेदारी पेश की थी।
सुबोध दीक्षित का पुश्तैनी इत्र का कारोबार है। इसके अलावा, स्कूल और कोल्ड स्टोरेज भी है। सुबोध और अतुल मुख्यत: इत्र का कारोबार संभालते हैं। मनोज राजनीति में सक्रिय हैं। वर्षों से सपा से जुड़े हैं। अन्य भाई दूसरा बिजनेस संभालते हैं।

