शेयर बाजार धड़ाम, निवेशकों को 20 लाख करोड़ का झटका

मुंबई, जनमुख न्यूज़। बढ़ते टैरिफ तनाव और अमेरिकी शेयर बाजार में आई बड़ी गिरावट का असर सोमवार को भारतीय शेयर बाजार पर साफ नजर आया। कारोबारी हफ्ते की शुरुआत निवेशकों के लिए बेहद निराशाजनक रही। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई।
सेंसेक्स 3023.51 अंक यानी 4.01 फीसदी टूटकर 72,341.18 पर और निफ्टी 983.95 अंक यानी 4.30 फीसदी लुढ़ककर 21,920.50 पर पहुंच गया। इस भारी गिरावट से निवेशकों को करीब 20.16 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
दिन की शुरुआत से ही बाजार में बिकवाली का माहौल था। सेंसेक्स 3,939.68 अंक यानी 5.22% की गिरावट के साथ 71,425.01 पर खुला, जबकि निफ्टी 1,160.8 अंक यानी 5.06% गिरकर 21,743.65 पर खुला। विदेशी दबाव के चलते रुपया भी कमजोर हुआ और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसे फिसलकर 85.74 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के सभी 30 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और एलएंडटी जैसे दिग्गज शेयरों में बड़ी गिरावट देखी जा रही है। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मेटल सबसे अधिक टूटा है, वहीं आईटी, ऑयल एंड गैस, हेल्थकेयर, ऑटो, रियल्टी और मीडिया इंडेक्स भी 5% से ज्यादा टूटे।
हालात पहले से खराब थे
गौरतलब है कि शुक्रवार, 4 अप्रैल को भी बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। उस दिन सेंसेक्स 930.67 अंक यानी 1.22 फीसदी गिरकर 75,364.69 पर और निफ्टी 345.65 अंक यानी 1.49 फीसदी गिरकर 22,904.45 पर बंद हुआ था।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों में भी हाहाकार
एशियाई बाजारों में भी भारी गिरावट देखी गई। जापान का निक्केई 6%, कोरिया का कोस्पी 4.5%, चीन का शंघाई इंडेक्स 6.5% और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 10% तक टूट गया।
अमेरिका में भी हालात खराब हैं। चीन द्वारा जवाबी टैरिफ की घोषणा के बाद डॉव जोंस 2,231 अंक यानी 5.5% गिरा। एसएंडपी 500 में 5.97% और नैस्डैक कंपोजिट में 5.82% की गिरावट आई, जो कोविड-19 महामारी के बाद की सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है।

