शिवालयों के मार्गों पर सुपर सकर मशीन से सीवर सफाई के दिए कड़े निर्देश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नगर निगम अब पेयजल व सीवर की शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर करने का लक्ष्य रखा है । भेलूपुर स्थित जलकल विभाग में शनिवार को महापौर ने शिकायती एप की समीक्षा करते हुए महापौर ने लंबित मामलों को तत्काल निस्तारित करने के आदेश दिया। उन्होंने लीकेज की शिकायतों का समाधान हर हाल में 24 घंटे के भीतर कराने का निर्देश दिया ।
महाशिवरात्रि की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि त्यौहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। शहर के सभी प्रमुख शिवालयों की ओर जाने वाले मार्गों पर सीवर की सफाई सुपर सकर मशीन से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़कों पर कहीं भी सीवर का बहाव नजर नहीं आना चाहिए। कार्य में शिथिलता बरतने पर उन्होंने भेलूपुर जोन के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद व आदमपुर जोन के अश्वनी भास्कर के प्रति गहरी नाराजगी जताई।
उन्होंने हाल ही में स्थानांतरित होकर आए अधिशासी अभियंताओं को हिदायत दी कि वह क्षेत्रीय पार्षदों से बेहतर समन्वय स्थापित करें और प्रतिदिन कम से कम तीन से चार वार्डों का औचक निरीक्षण करें। इस दौरान महापौर ने बताया कि होली के बाद शहर के पुराने 18 वार्डों में सीवर व पेयजल की नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू होना है। उन्होंने जलकल के अभियंताओं से जलनिगम और पार्षदों के साथ मिलकर मैप के अनुसार कार्ययोजना तैयार करें ताकि भविष्य में कोई तकनीकी समस्या न आए। बैठक में मुख्य रूप से नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

