कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में भूकंप के तेज झटके, म्यांमार रहा केंद्र, लोग घरों से बाहर निकले

कोलकाता, जनमुख न्यूज़। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मंगलवार देर शाम भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे आम लोगों में दहशत फैल गई। झटके इतने स्पष्ट थे कि कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।जानकारी के मुताबिक भूकंप के झटके रात करीब 9:04 बजे महसूस किए गए। कोलकाता के अलावा हावड़ा और हुगली जिलों में भी धरती कांपती हुई महसूस हुई।
इसके साथ ही उत्तरी बंगाल के कई हिस्सों में भी भूकंप का असर देखा गया।प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार भूकंप का केंद्र म्यांमार में स्थित था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.0 मापी गई है। बताया गया कि भूकंप का केंद्र म्यांमार के अक्याब (सित्तवे) से लगभग 70 से 100 किलोमीटर दूर था। इसकी गहराई को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं, जो करीब 10 किलोमीटर से लेकर 27 किलोमीटर तक बताई जा रही है, जबकि कुछ जगहों पर गहराई 63 किलोमीटर तक दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र अक्षांश 20.42 उत्तर और देशांतर 93.88 पूर्व के आसपास रहा।
इस भूकंप के झटके केवल पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं रहे। बांग्लादेश और उत्तर-पूर्वी भारत के कई इलाकों में भी तेज कंपन महसूस किया गया, जिससे लोग सतर्क हो गए। अधिकारियों के अनुसार पिछले 71 घंटों में म्यांमार में इस तीव्रता का यह तीसरा भूकंप है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

