भारत का दमदार प्रदर्शन: न्यूजीलैंड को 8 विकेट से रौंदा, टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त

गुवाहाटी, स्पोर्ट्स न्यूज़। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर शेष रहते आठ विकेट से जीत दर्ज की और पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। यह मुकाबला रविवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 48 रन की पारी खेली। भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और रवि बिश्नोई को दो-दो सफलता मिली। हर्षित राणा ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 10 ओवर में दो विकेट खोकर 155 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। ओपनर अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई।
अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 14 गेंदों में अपने टी20 करियर का आठवां अर्धशतक पूरा किया, जबकि सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। इस शानदार जीत के साथ ही भारत ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया और शेष मुकाबलों से पहले मनोवैज्ञानिक बढ़त भी हासिल कर ली।

