यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या, कैंपस में बवाल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। यूपी कॉलेज में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। छात्र को करीब आठ गोलियां मारी गईं। गंभीर हालत में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। आरोपी की पहचान मंजीत के रूप में हुई है, जो बीए सेकेंड ईयर का छात्र बताया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, क्लास के दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी। जब छात्र बाहर पहुंचे तो आरोपी सूर्य प्रताप सिंह पर फायरिंग कर रहा था। विरोध करने पर उसने अन्य छात्रों पर भी पिस्टल तान दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी हथियार फेंककर फरार हो गया।
हत्या से गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और तोड़फोड़ की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कॉलेज को छावनी में तब्दील कर दिया। आसपास की कई दुकानों को भी बंद करा दिया गया।

मौके पर पहुंचे मोहित अग्रवाल ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। फिलहाल सात थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
मृतक सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर का रहने वाला था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मां बेटे का शव देखकर बेहोश हो गईं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।


