वाराणसी के होटल में महिला समेत दो लोगों की संदिग्ध मौत, विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत परेड कोठी के पास स्थित एक होटल में महिला समेत दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में दोनों द्वारा विषाक्त पदार्थ सेवन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक आपस में भाई-बहन बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, दोनों आठ फरवरी को काशी आए थे और होटल में ठहरे हुए थे। सोमवार को कमरे से कोई हलचल न होने पर होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो दोनों अचेत अवस्था में मिले। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी चेतगंज, सिगरा थाना प्रभारी और रोडवेज चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतक हैदराबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आ सकेगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

