टी20 विश्व कप 2026: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया, ईशान किशन के अर्धशतक से मिली बड़ी जीत

नई दिल्ली। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह टी20 प्रारूप में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी सफलता हासिल की और ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत की ओर से ईशान किशन ने तूफानी अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 40 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 77 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर 32 रन का योगदान दिया। शिवम दुबे ने 27 और तिलक वर्मा ने 25 रन बनाए। रिंकू सिंह चार गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने तीन विकेट लिए, जबकि सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को एक-एक सफलता मिली। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने भारत की पारी में 18 ओवर स्पिनरों से कराए।
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले दो ओवर में ही उसके तीन विकेट गिर गए। हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को शून्य पर आउट कराया, जबकि जसप्रीत बुमराह ने सईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन भेज दिया।
पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, जबकि सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट चटकाए। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली।
भारत की इस जीत से टीम का मनोबल और मजबूत हुआ है और खिताब की दौड़ में उसकी दावेदारी और प्रबल हो गई है।

