छठ पर स्नान करते समय पोखरे में डूबने से किशोर की मौत

वाराणसी ,जनमुख न्यूज। जिले के चौबेपुर क्षेत्र के हड़ियाडीह गांव में शुक्रवार की सुबह छठ पूजा के समापन के बाद स्नान करते समय एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। वह केराकत से हड़ियाडीह में अपनी चचेरी भाभी के साथ आया था।जौनपुर जिले के केराकत थाना अंतर्गत नाउपुर निवासी राम आसरे गोड़ का १५ वर्षीय पुत्र उजाला अपनी चचेरी भाभी के मायके हड़ियाडीह गांव में धर्मेंद्र गोड़ के घर आया था। परिजन गांव के बाहर पोखरे में अर्घ्य देने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान वह पोखरे में स्नान करते हुए इस पार से उस पार जाने लगा। उधर से लौटते समय वह पानी में डूब गया।आसपास के लोगों की नजर डूब रहे किशोर पर पड़ी तो लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। इस दौरान परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं मौके पर पानी में उतर कर लोगों ने पोखरे से किसी तरह किशोर को बाहर निकाला। उसे लेढ़ूपुर स्थित मेरिडियन हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

