जयपुर के चौमू में आधी रात भड़का तनाव, पुलिस पर पत्थरबाजी, आंसू गैस और लाठीचार्ज से हालात काबू में

जयपुर, जनमुख न्यूज़। जिले के चौमू कस्बे में शुक्रवार देर रात उस समय सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जब मस्जिद से जुड़े एक विवाद के दौरान असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। अचानक बिगड़े हालात में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ लाठीचार्ज करना पड़ा। कड़ी कार्रवाई के बाद कुछ ही घंटों में हालात पर काबू पा लिया गया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम से मस्जिद परिसर के पास सड़क किनारे लंबे समय से पड़े पत्थरों को हटाने का काम चल रहा था। ये पत्थर आबादी क्षेत्र में यातायात में बाधा बन रहे थे और आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। पत्थर हटाने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पुलिस पर भारी पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्पेशल ऑपरेशन कमिश्नर राहुल प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार और मनीष अग्रवाल मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए हालात को नियंत्रण में लिया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

