आगरा में युवती की नृशंस हत्या का खुलासा: प्रेमी ने ऑफिस में चाकू से गोदकर की हत्या, शव बोरे में भरकर पुल पर छोड़ा

आगरा, जनमुख न्यूज़। जिले के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित जवाहर पुल पर 23 जनवरी की रात बोरे में मिली सिर कटी लाश की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। मृतका की पहचान पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया निवासी 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई है, जो संजय प्लेस स्थित मारुति प्लाजा की छठी मंजिल पर एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मिंकी की हत्या उसी कंपनी में काम करने वाले ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी कंप्यूटर ऑपरेटर विनय राजपूत ने की थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले छह महीनों से मिंकी के किसी अन्य से बातचीत करने को लेकर विनय नाराज चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था।
आरोप है कि 23 जनवरी को विनय ने मिलने के बहाने मिंकी को ऑफिस बुलाया। वहां कहासुनी के बाद उसने चाकू से एक के बाद एक आठ से अधिक वार कर मिंकी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई। विनय ने चाकू से सिर धड़ से अलग किया, शव को पॉलिथीन और बोरे में पैक कर टेप से लपेटा और मिंकी की ही स्कूटी से जवाहर पुल तक ले गया। यमुना में फेंकने की कोशिश की, लेकिन बोरा भारी होने के कारण पुल पर छोड़कर फरार हो गया।
आरोपी ने मिंकी का सिर, मोबाइल फोन, कपड़े और बैग शाहदरा इलाके के झरना नाले में फेंक दिए। वहीं, स्कूटी को शाहदरा के पास छोड़कर वह एक दोस्त की मदद से घर चला गया।
उधर, मिंकी 23 जनवरी की दोपहर घर से भाई की शादी का कार्ड कोरियर करने की बात कहकर निकली थी। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच जवाहर पुल पर शव मिलने की सूचना आई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें विनय स्कूटी पर बोरा ले जाते हुए नजर आया। एमजी रोड और हाईवे के कैमरों में भी वही स्कूटी दिखी। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर विनय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और अन्य सबूत भी बरामद कर लिए हैं।

