10 अप्रैल 2026 को जारी होगी यूपी की अंतिम मतदाता सूची: मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को वाराणसी के चौकाघाट में प्रेस वार्ता कर बताया कि 10 अप्रैल 2026 को पूरे प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। यह सूची भविष्य के चुनावों के लिए स्थायी रिकॉर्ड के रूप में उपयोग में लाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रेस वार्ता के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ लगभग 40–45 मिनट की बैठक हुई, जिसमें पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर दलों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। आयोग की ओर से भी पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। रिणवा ने कहा कि आयोग मतदाता सूची पुनरीक्षण को पारदर्शी, समयबद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि अंतिम सूची विश्वसनीय दस्तावेज के रूप में सामने आए। फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के माध्यम से नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया जारी रहेगी तथा दावा-आपत्ति भी स्वीकार की जाएगी।
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल द्वारा बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट वोट और ‘वोट जिहाद’ के लगाए गए आरोपों पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पहले चरण के सत्यापन में 4500 वोटों की जांच की गई, जिनमें केवल 8 डुप्लीकेट पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है। इस पर नवदीप रिणवा ने कहा कि यदि किसी ने जानबूझकर गड़बड़ी की है तो ही कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद भ्रमण के दौरान अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर संचालित विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने कम्पोजिट विद्यालय कबीरचौरा स्थित नोटिस सुनवाई केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, शिकायत निस्तारण प्रणाली और नागरिकों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके बाद गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में आयोजित कार्यक्रम में 384 पिंडरा, 385 अजगरा (अ.जा.), 386 शिवपुर, 387 रोहनियां, 388 वाराणसी उत्तरी, 389 वाराणसी दक्षिणी, 390 वाराणसी कैंट और 391 सेवापुरी विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ संवाद किया गया। इस दौरान मतदाता सूची अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण और विलोपन कार्यों की समीक्षा की गई।
रिणवा ने नोटिस सुनवाई केंद्रों पर शालीनता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने मतदाता जागरूकता अभियान तेज करने और बूथ व सोसाइटी स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बीएलओ स्तर पर सुनवाई, वीडियो कॉल के माध्यम से सत्यापन और सॉफ्ट कॉपी के जरिए आईडी जांच की पहल की जानकारी भी दी गई।

