वाराणसी में धूमधाम से निकली मां गवरजा की भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत और महाआरती

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शनिवार को मां गवरजा की भव्य शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। वाराणसी गवरजा माता उत्सव समिति की ओर से यह शोभायात्रा गोलघर स्थित काशी गोशाला से प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।शोभायात्रा बुलानाला, नीचीबाग, चौक, बांसफाटक और गोदौलिया होते हुए आगे बढ़ी। गोदौलिया पहुंचने पर मारवाड़ी सेवा समिति और राजस्थान ब्राह्मण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मां गवरजा की गंगा आरती की तर्ज पर महाआरती उतारी गई और पुष्प वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया।संयोजन समिति के पदाधिकारियों का भी माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इसके बाद शोभायात्रा गिरिजाघर होते हुए लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन पहुंची, जहां संस्था के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को शरबत पिलाकर स्वागत किया।अंत में शोभायात्रा लक्ष्मीकुंड स्थित श्याम मंदिर पहुंची, जहां मां गवरजा की प्रतिमा स्थापित की गई। यहां राजस्थानी और हरियाणवी समाज की युवतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।



