“अगले 20 साल मोदी युग रहेगा, उनके बिना BJP 150 सीटें भी न जीत सकती” — निशिकांत दुबे

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता और लोकप्रियता की जमकर सराहना की। उन्होंने दावा किया कि देश में आगामी 15-20 वर्षों तक केवल “मोदी युग” ही रहेगा। दुबे ने कहा, “अगर प्रधानमंत्री मोदी पार्टी के नेता नहीं रहे, तो भाजपा 150 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि जब मोदी राजनीति में आए, तो उन्होंने भाजपा के पारंपरिक दायरे से बाहर निकलकर गरीब तबकों को पार्टी से जोड़ा। “जो वर्ग कभी भाजपा को वोट नहीं देता था, खासकर गरीब तबका, वह मोदी के कारण भाजपा का वोट बैंक बन गया। इसी कारण 2029 का चुनाव भी उन्हीं के नेतृत्व में लड़ना जरूरी है,” उन्होंने कहा।
अपने पहले दिए गए विवादित बयान ‘पटक पटक के मारेंगे’ पर दुबे ने सफाई देने के बजाय उस पर अपनी दृढ़ता दोहराई। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों के साथ होने वाला भेदभाव और हिंसा अस्वीकार्य है। “अगर महाराष्ट्र भारत का हिस्सा है, तो कोई भी वहां बस सकता है। मुंबई में अब केवल 31-32% मराठी भाषी बचे हैं,” उन्होंने कहा। साथ ही उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रति अपना सम्मान भी व्यक्त किया।
ऑपरेशन ब्लूस्टार को लेकर बड़ा दावा
दुबे ने ऑपरेशन ब्लूस्टार को लेकर चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि इसकी योजना 1984 की शुरुआत में ही बन गई थी और इसमें ब्रिटेन की तत्कालीन प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर की सहमति भी ली गई थी। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन के समय ब्रिटिश सेना के अधिकारी अमृतसर में मौजूद थे। जब हम अपने ही नागरिकों के खिलाफ विदेशी मदद से कार्रवाई करते हैं, तो हम कैसे समाजवादी देश कहला सकते हैं?”
‘अब 140 करोड़ लोग पत्रकार हैं’
सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर दुबे ने कहा कि 2014 के बाद से देश में पत्रकारिता का चेहरा पूरी तरह बदल चुका है। “अब 140 करोड़ लोग पत्रकार हैं। पहले मीडिया पर नियंत्रण था, अब हर बात सार्वजनिक होती है। प्रधानमंत्री मोदी हर चीज पर नजर रखते हैं। जब मैं उनसे मिलता हूं तो वो मेरे क्षेत्र की वो बातें बताते हैं जो मुझे भी पता नहीं होतीं। उनके रहते देश में कोई डीप स्टेट नहीं चल सकता,” उन्होंने कहा।

