भाक्काटे’ के शोर से गुलजार हुई गंगा की रेती, महापौर ने काटा नगर आयुक्त का पेंच

वाराणसी जनमुख न्यूज़। मकर संक्रांति की दस्तक के साथ ही काशी में गंगा की रेती सोमवार को ‘भाक्काटे…भाक्काटे’ के शोर से गुलजार हो उठी। मौका था नगर निगम की ओर से आयोजित दो दिवसीय पतंग प्रतियोगिता के पहले दिन, जहां परंपरा, स्वाद और रोमांच का अद्भुत संगम देखने को मिला। धूप के बीच आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से पट गया और रेती पर काशी के खान-पान की खुशबू भी बिखरी रही।
जब मैदान में उतरे महापौर और नगर आयुक्त
प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ बेहद दिलचस्प रहा। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने खुद चरखी थामी और पतंग की डोर थामकर पेंच लड़ाने मैदान में उतरे। दोनों के बीच हुए कड़े मुकाबले में महापौर के दांव भारी पड़े और देखते ही देखते नगर आयुक्त की पतंग कटकर हवा में गोते खाने लगी। जैसे ही नगर आयुक्त का पेंच कटा, पूरी रेती ‘भाक्काटे’ की गूंज से सराबोर हो गई।कचौड़ी-जलेबी के नाश्ते ने बढ़ाया उत्साहकाशी की पतंगबाजी बिना जायके के अधूरी है। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों और मेहमानों के लिए बनारसी कचौड़ी और गरमा-गरम जलेबी के नाश्ते का विशेष प्रबंध था। रेती पर एक ओर पेंच लड़ रहे थे, तो दूसरी ओर लोग कचौड़ी-जलेबी का आनंद लेते हुए अपनी टीम का उत्साह बढ़ा रहे थे।
रील की दुनिया से निकलकर खेल के मैदान में आएं युवा: महापौर
इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि काशी में पतंगबाजी सदियों पुरानी परंपरा है। एक दौर था जब मकर संक्रांति से एक माह पूर्व ही हर घर की छत से ‘भाक्काटे’ की आवाजें सुनाई देने लगती थीं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, “आजकल के युवा सोशल मीडिया और रील बनाने में इतने व्यस्त हो गए हैं कि वे अपने पारंपरिक खेलों को भूलते जा रहे हैं। हम इस परंपरा को मरने नहीं देंगे।”
अगले साल से ‘नेशनल इवेंट’ बनेगी प्रतियोगिता : महापौर
इस मौके पर महापौर ने घोषणा की कि अगले साल से इस प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्वरूप दिया जाएगा। इसमें देश भर के पतंगबाजों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से आमंत्रित किया जाएगा। अगले साल पुरस्कार राशि भी ऐतिहासिक होगी।।
प्रथम पुरस्कार: 5 लाख रुपये
द्वितीय पुरस्कार: 2.51 लाख रुपये
तृतीय पुरस्कार: 1.51 लाख रुपये
रेती पर छिड़ा ‘आसमानी युद्ध’, क्वाटर फाइनल में पहुंची चार टीमें
प्रथम चरण: 16 टीमों के बीच आठ मुकाबलेप्रतियोगिता के पहले दौर में कुल आठ मैच खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने हवा के रुख को भांपते हुए कड़े पेंच लड़ाए। शुरुआती भिड़ंत में फिफ्टी-फिफ्टी काशी काइट क्लब, बाजीगर काइट क्लब, फायर काइट क्लब, ट्रिपल “ए” काइट क्लब, वाराणसी काइट कल्चर, मां संकठा, इंटरनेशनल काइट क्लब और दीप काइट क्लब ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल: आठ टीमों के बीच चार मैच
क्वार्टर फाइनल के चरण में रोमांच दोगुना हो गया। यहां आठ टीमों के बीच चार नॉकआउट मुकाबले हुए।
फिफ्टी-फिफ्टी काशी बनाम फायर काइट क्लब:
‘फायर काइट क्लब’ ने अपने आक्रामक तेवरों से विपक्षी पतंग को आसमान में ही काट दिया। फ्रीडम काइट क्लब बनाम स्काई लाइन काइट क्लब के बीच हुए मुकाबले मे तकनीकी श्रेष्ठता दिखाते हुए ‘स्काई लाइन’ ने मैच जीता। .बाजीगर काइट क्लब बनाम एयर लाइन्स काइट क्लब: हवा की गति का लाभ उठाते हुए ‘एयर लाइन्स’ ने बाजी मारी। बनारस काइट क्लब बनाम रॉयल काइट क्लब: मेजबान ‘बनारस काइट क्लब’ ने रॉयल टीम को मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई।
कल के मुकाबले:सेमीफाइनल और फाइनल
मैदान अब सेमीफाइनल की जंग के लिए तैयार है। कल (13 जनवरी) को होने वाले खिताबी मुकाबले में निम्नलिखित चार टीमें एक-दूसरे को चुनौती देंगी । बनारस काइट क्लबफायर काइट क्लबएयर लाइन्स काइट क्लबस्काई लाइन काइट क्लबकल होने वाले फाइनल में विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5 लाख रुपये, द्वितीय को 2.51 लाख रुपये और तृतीय को 1.51 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि प्रदान की जाएगी।
इनकी रहीं मौजूदगी: इस मौके पर पाषदों में सुरेश कुमार चौरसिया, प्रवीन राय, चंद्रनाथ मुखर्जी, राजेश यादव चल्लू, विवेक कुशवाहा, सिंधु सोनकर, संजय गुजराती, कनक लता मिश्रा, मदन मोहन दुबे सीमा वर्मा, विजय द्विवेदी सहित अन्य पार्षदों के अलावा अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित निगम के अधिकारी भी मौजूद थे।

