ईरानी तेल लेकर भारत आ रहा जहाज रास्ता बदलकर चीन की ओर मुड़ा, 7 साल बाद पहली खेप पर लगा ब्रेक

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। ईरान से कच्चा तेल लेकर भारत आ रहा एक टैंकर अचानक अपना रास्ता बदलकर चीन की ओर मुड़ गया है। जहाज ट्रैकिंग फर्म Kpler के अनुसार, ‘पिंग शुन’ नामक यह अफ्रामैक्स टैंकर पहले गुजरात के वडीनार बंदरगाह पहुंचने वाला था, लेकिन अब इसका रुख चीन के डोंगयिंग की ओर हो गया है।
यह खेप खास मानी जा रही थी, क्योंकि मई 2019 के बाद यह पहली बार होता जब भारत ईरान से कच्चे तेल का आयात करता। अमेरिका द्वारा हाल ही में दी गई सीमित छूट के बाद भारत इस आपूर्ति के लिए तैयार था।
जानकारी के मुताबिक, टैंकर ईरान के खार्ग द्वीप से करीब 6 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर चला था और 4 अप्रैल तक वडीनार पहुंचने की संभावना थी।
हालांकि, बीच रास्ते में जहाज ने अपना डेस्टिनेशन बदल लिया। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे संकेत अंतिम नहीं होते और परिस्थितियों के अनुसार बदल सकते हैं।
इस घटनाक्रम से भारत की ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक तेल बाजार में अनिश्चितता बढ़ सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट होगी कि यह खेप भारत पहुंचेगी या नहीं।

