जब फंदे पर लटका मिला कैदी का शव, मचा हड़कंप

लखनऊ, जनमुख न्यूज। रायबरेली में आज एक सनसनीखेज वारादात ने हलचल मचा दी। बताया जाता है कि दहेज हत्या के मामले में जिला जेल में बंद विचाराधीन एक बंदी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला है। घटना की जानकारी जैसे ही जेल प्रशासन को हुई वहां हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस और फोरेंसिक टीम तत्काल रूप से जेल पहुंची। मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।
बता दें कि मृतक युवक दहेज हत्या के मामले में पिछले पांच साल से विचाराधीन कैदी के रूप में रायबरेली जेल में बंद था। गुरूवार शाम को उसने जेल में बने टेलीफोन बूथ से अपने पिता से बात की थी। जिसके बाद वह अस्पताल के पीछे बागवानी ग्राउंड में चला गया था। वहीं पर रात में गमछे से नीम की डाली पर फंदे से बंदी का शव लटका मिला था। जिस जगह शव पाया गया वो क्षेत्र सीसीटीवी की जद में नहीं आता है। मामले की जानकारी पर नायब तहसीलदार तेजस्वी त्रिपाठी ने रात में जेल में पहुंचकर निरीक्षण किया था। बंदी का शव नीम के पेड़ से लटका मिला था। कैदी वारिस रायनी (28) पुत्र आरिफ रायनी निवासी गांव कंचना थाना मोहनगंज जिला अमेठी की मौत के मामले में जेल प्रशासन का कहना है कि जब शाम को बैरक के अंदर जाने के बाद कैदियों की गिनती की गई तब पता चला कि एक कैदी लापता है। छानबीन करने पर उसका शव नीम के पेड़ से लटका मिला। जिला जेल में कैदी का शव मिलने से पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं।

