त्रिदेव मंदिर के सामने देह व्यापार का अड्डा, गेस्ट हाउस से तीन युवतियां, ग्राहक और मैनेजर गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। एसओजी और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। त्रिदेव मंदिर के ठीक सामने स्थित विजय लक्ष्मी पेइंग गेस्ट हाउस में तस्दीक के बाद शनिवार शाम छापेमारी कर पुलिस ने एक कमरे से तीन युवतियों और एक ग्राहक को पकड़ा। मौके से होटल मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया। सभी को भेलूपुर थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ी गई तीनों युवतियां पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली हैं, जिन्हें करीब पांच दिन पहले बनारस लाया गया था। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि गेस्ट हाउस की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का यह धंधा लंबे समय से संचालित हो रहा था। इससे पहले भी एक सप्ताह के भीतर कैंट थाना क्षेत्र में इसी तरह की कार्रवाई हो चुकी है।
एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के हेल्पलाइन नंबर पर एक अज्ञात कॉल के जरिए गेस्ट हाउस में देह व्यापार की सूचना मिली थी। इसके बाद एसओजी-2 की टीम सादी वर्दी में मौके पर पहुंची और छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान छह मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ग्राहकों को मोबाइल फोन के जरिए संपर्क कर बुलाया जाता था। व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के माध्यम से सौदे तय किए जाते थे, ताकि कोई लिखित या डिजिटल रिकॉर्ड न रहे। इसके बाद ग्राहकों को सीधे गेस्ट हाउस भेज दिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस में न तो कोई नियमित रजिस्टर रखा जाता था और न ही ठहरने वालों का सत्यापन कराया जाता था। इससे स्पष्ट है कि गेस्ट हाउस संचालक की जानकारी में ही यह अवैध गतिविधियां चल रही थीं।
दुर्गाकुंड चौकी से महज 400 मीटर की दूरी पर इस तरह का रैकेट संचालित होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गेस्ट हाउस में लंबे समय से संदिग्ध लोगों की आवाजाही देखी जा रही थी, लेकिन अब जाकर ठोस कार्रवाई हुई है।

