चंदौली में दर्दनाक हादसा: खुले कुएं में गिरने से दो मासूमों की मौत, गांव में मातम

चंदौली, जनमुख न्यूज़। जिले के नौगढ़ क्षेत्र स्थित गोलाबाद गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। खेलते समय बिना मुंडेर वाले खुले कुएं में गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सीओ नौगढ़ Namendra Kumar Rawat के अनुसार, गोलाबाद गांव निवासी सरोज यादव का नौ वर्षीय बेटा अंकुश और रामेश्वर केसरी का आठ वर्षीय बेटा हर्ष अपनी बहनों कृति और निधि के साथ खेत में पपीता तोड़ने गए थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे खेत से कुछ दूरी पर स्थित एक खुले और बिना मुंडेर वाले कुएं के पास पहुंच गए। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों कुएं में जा गिरे।
बच्चों को कुएं में गिरते देख उनकी बहनों ने शोर मचाया, जिस पर गांव के ही गुलशन और जयप्रकाश मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों ने साहस का परिचय देते हुए कुएं में छलांग लगाई और बच्चों को बाहर निकाला।
गंभीर हालत में ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉ. सत्या ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

