मऊ में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित कार ने एक परिवार के चार लोगों को रौंदा, मां-बेटी की मौत

मऊ, जनमुख न्यूज़। जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत ताजोपुर के बाबू का पूरा मौजा में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घर के बाहर धूप में बैठे एक ही परिवार के चार लोगों को तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि वृद्ध सास और बहन का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रीता देवी (50) को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान उनकी बेटी गोल्डी राजभर (24) ने भी दम तोड़ दिया। घायलों में मुखिया राजभर (70) और शिवम राजभर (25) का अस्पताल में इलाज जारी है।मिली जानकारी के अनुसार, रीता देवी अपनी बेटी गोल्डी, सास मुखिया राजभर और बहन के बेटे शिवम के साथ घर के बाहर धूप में बैठी थीं। इसी दौरान गांव निवासी सचिन मकर संक्रांति पर्व के लिए खिचड़ी लेकर अपने किसी रिश्तेदार के घर जा रहा था। उसी समय कार चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और चारों को कुचल दिया।
मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार चालक राजन ने जानबूझकर घर के सामने गाड़ी घुमाई और तेज गति से चलाते हुए सभी को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक कुछ दूरी पर कार खड़ी कर मौके से फरार हो गया। कार में सवार दूसरे युवक ने गांव निवासी झिन्नक की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, इसके बाद वह भी कार लेकर चला गया।घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सरायलखंसी थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

