दर्दनाक हादसा : पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा और सास का भी किया कत्ल

कानपुर,जनमुख न्यूज। कानपुर के चकेरी की कॉलोनी में रविवार रात एक युवक ने अवैध संबंध के शक में पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। बचाने आई सास पर भी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के दौरान दोनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। गेट का लॉक तोड़कर पुलिस घर में दाखिल हुई तो दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। मौके पर पकड़े गए आरोपी ने पत्नी के किसी और से अवैध संबंध की बात कबूली है।बुलंदशहर के थाना कोतवाली क्षेत्र के काला आम निवासी जेम्स जोसेफ उर्फ बादल ने अपनी मौसेरी बहन कामिनी (३९) से साल २०१७ में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह पत्नी कामिनी और सास पुष्पा (६२) के कॉलोनी स्थित घर में ही रहता था। वह एक निजी संस्थान की कैंटीन में काम करता है।रविवार रात पड़ोसी संजीव गुप्ता ने ११२ नंबर पर कॉल कर जेम्स जोसेफ के घर में मारपीट और चीखने की आवाज आने की सूचना दी। कुछ ही देर में चकेरी थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। गेट अंदर से बंद था। लॉक तोड़कर पुलिस अंदर घुसी तो कमरे में कामिनी, उसकी मां पुष्पा के शव पड़े थे। आरोपी जेम्स पलंग पर बैठा था। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

