वाराणसी में दर्दनाक घटना: महिला ने 3 साल की बेटी संग ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

मृतक अनीता और मृतक बच्ची दर्शना
वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जंसा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने अपनी तीन साल की बेटी के साथ ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना चौखंडी रेलवे लाइन के पास शाम करीब 5 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अचानक रेलवे पटरी की ओर दौड़ पड़ी। पीछे से उसका पति शोर मचाते हुए उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं सका। इसी दौरान सामने से आ रही सारनाथ एक्सप्रेस की चपेट में आकर महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई।मृतकों की पहचान लच्छीपुर गांव निवासी अनीता देवी (22) और उनकी तीन साल की बेटी दर्शना के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पति अजीत कुमार घटनास्थल पर शवों को देखकर बिलखता रहा। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के अनुसार अजीत कुमार पिछले चार वर्षों से मुंबई में नौकरी करता है और होली के मौके पर छुट्टी लेकर घर आया था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, क्योंकि अजीत को नौकरी के कारण घर आने का मौका कम मिलता था।परिवार के लोगों का कहना है कि सोमवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। अनीता की तबीयत खराब थी, इसलिए वह दवा लेने के बहाने अपनी बेटी के साथ घर से निकली। अजीत भी पीछे-पीछे चला गया। चौखंडी रेलवे लाइन के पास पहुंचने पर अनीता पटरी की ओर दौड़ पड़ी और तभी ट्रेन की चपेट में आ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंच गए और घर में मातम छा गया।वहीं महिला के पिता बद्रीप्रसाद ने दामाद अजीत पर आरोप लगाया कि वह अक्सर विवाद करता था और इसी कारण अनीता करीब तीन साल तक मायके में रह रही थी। उनका कहना है कि सोमवार को ही अजीत उसे मायके से अपने घर लेकर गया था।हालांकि अजीत का कहना है कि वह पत्नी को दवा दिलाने के लिए भाऊपुर जा रहा था। उसके मुताबिक अनीता रेलवे लाइन पार कर अपनी सहेली से मिलने की बात कह रही थी। उसी दौरान ट्रेन आ गई और यह हादसा हो गया।पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

