महाकुंभ से लौट रही कार बस में घुसी, दो लोगों की मौत

वाराणसी, जनमुख न्यूज। वाराणसी में आज सुबह राजातालाब के पास महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बस में घुस गई। इस हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गयी वहीं तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए हैं।
बिहार के बेगूसराय जिले के पांच लोग आज सुबह महाकुंभ स्नान कर कार से वापस लौट रहे थे। राजातालाब हाइवे पर वीरभानपुर हनुमान मंदिर के पास मोड़ पर अचानक झपकी लगने से चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार कार आगे जा रही बस में घुस गई।
हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, वहीं दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी। जानकारी पाकर पहुंची राजातालाब पुलिस ने सभी को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद घायलों का उपचार शुरू कर दिया।
पुलिस ने घायलों की पहचान टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मृतक लोगों के पास मिले मोबाइल और दस्तावेज से उनकी शिनाख्त कराई और परिजनों को सूचना दी।
बताया जाता है कि बेगूसराय के बछवाड़ा निवासी देवेंद्र प्रताप सिंह परिवार और रिश्तेदारों के साथ ५ फरवरी की रात प्रयागराज के लिए रवाना हुए। उन्होंने महाकुंभ में स्नान किया। फिर तड़के घर जाने के लिए निकले। परिवार का प्लान था कि काशी में दर्शन करके वापस बिहार लौट जाएंगे।
कार में देवेंद्र प्रताप (९०), बिहार के सोनबरसा निवासी उनके दामाद अमरेंद्र सिंह (६२), बेटी विभा सिंह (५६), बेटा प्रवीण कुमार सिंह (६०) और उनकी पत्नी सुषमा सिंह (५४) थीं। कार अमरेंद्र सिंह ही चला रहे थे।
हादसे में देवेंद्र और उनके दामाद अमरेंद्र की मौके पर मौत हो गई। बेटी विभा सिंह, छोटे बेटे प्रवीण कुमार सिंह और उनकी पत्नी सुषमा सिंह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

