अंडर-19 टीम इंडिया का दमदार क्लीन स्वीप, दक्षिण अफ्रीका को 233 रन से हराकर सीरीज 3-0 से जीती

नई दिल्ली स्पोर्ट्स न्यूज़। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे और अंतिम यूथ वनडे में 233 रनों के विशाल अंतर से हराकर तीन मैचों की सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया। बुधवार को बेनोनी में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 393 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी और आरोन जॉर्ज ने शानदार शतकीय पारियां खेलीं। वैभव ने 74 गेंदों में 9 चौके और 10 छक्कों की मदद से 127 रन बनाए, जबकि आरोन जॉर्ज ने 118 रन की बेहतरीन पारी खेली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 227 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। इसके अलावा वेंदात त्रिवेदी ने 34 और अभिज्ञान कुंडु ने 21 रन जोड़े, वहीं मोहम्मद एनान (28) और हेनिल पटेल (19) नाबाद रहे। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 394 रन का लक्ष्य दिया।
जवाब में दक्षिण अफ्रीका की अंडर-19 टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 35 ओवर में 160 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से किशन सिंह ने तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद एनान ने दो विकेट लिए। हेनिल पटेल, कनिष्क चौहान, उधव मोहन, आरएस अंबरीश और वैभव सूर्यवंशी को एक-एक सफलता मिली। दक्षिण अफ्रीका के लिए पॉल जेम्स (41), डैनियल बॉसमैन (40), कॉर्न बोथा (36*) और जेसन रॉल्स (19) ही कुछ संघर्ष कर सके।
इस सीरीज में 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन खास तौर पर चर्चा में रहा। उन्होंने तीन मैचों में कुल 206 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। आखिरी मुकाबले में दमदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। वैभव ने इस मैच में 63 गेंदों में शतक पूरा कर दक्षिण अफ्रीका की धरती पर अपना पहला शतक जड़ा। इसके साथ ही वे भारत, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं।
अंडर-19 विश्व कप से पहले टीम इंडिया शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टूर्नामेंट का आयोजन 15 जनवरी से 6 फरवरी तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा। भारत को ग्रुप-बी में न्यूजीलैंड, अमेरिका और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ करेगी, इसके बाद 17 जनवरी को बांग्लादेश और 24 जनवरी को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला हरारे में खेला जाएगा।

