यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू: 117 केंद्रों पर 92 हजार से अधिक परीक्षार्थी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलने वाली 23 दिवसीय परीक्षा में जिले के 117 केंद्रों पर कुल 92,277 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। पहले दिन 10वीं और 12वीं के छात्रों की हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
जिले में माध्यमिक शिक्षा के कुल 403 विद्यालय हैं, जिनमें से बोर्ड द्वारा 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एक परीक्षा केंद्र केंद्रीय कारागार में भी स्थापित किया गया है। हाईस्कूल में 46,300 और इंटरमीडिएट में 45,977 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है और पुलिस बल भी मौजूद है। परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए जिले को 12 सेक्टर और 8 जोन में विभाजित किया गया है। इसके तहत 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा नकल पर अंकुश लगाने के लिए उड़ाका दल की पांच टीमें गठित की गई हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के केंद्रों पर तैयारियां जारी रहीं। कई केंद्रों पर पहले दिन परीक्षार्थियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया गया।
परीक्षा की प्रभावी निगरानी के लिए राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां लगी टीवी स्क्रीन के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही परिषद कार्यालय की ओर से सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को परीक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

