यूपी उपचुनाव : कांग्रेस से नहीं बनी बात, सभी 9 सीटों पर सपा उतारेगी उम्मीदवार!

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में होने जा रहा है विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को तालमेल को लेकर बातचीत अंततः बिगड़ ही गई। और अब सभी 9 सीटों पर सपा अपने उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस पार्टी शुरू से तीन से चार सीटों की डिमांड कर रही थी जबकि सपा खैर और गाजियाबाद की दो सीटें ही छोड़ने को तैयार थी।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान सपा के सामने घुटने टेकते भी नहीं दिखना चाहता था। संभवतः इसलिए 2 सीटों पर चुनाव लड़ने के बजाय चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक घोषणा आज किए जाने की संभावना है। लेकिन कल देर रात अखिलेश यादव ने एक लंबे ट्वीट में इस बात के पूरी तरह स्पष्ट संकेत दे दिए कि समाजवादी पार्टी उप चुनाव की सभी 9 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
रात 11 बजे किए गए ट्वीट में अखिलेश यादव ने लिखा है कि ‘बात सीट की नहीं जीत की है’ इस रणनीति के तहत ‘इंडिया गठबंधन’ के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी एक बड़ी जीत के लिए एकजुट होकर, कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। इंडिया गठबंधन इस उपचुनाव में, जीत का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ आने से समाजवादी पार्टी की शक्ति कई गुना बढ़ गयी है। इस अभूतपूर्व सहयोग और समर्थन से सभी 9 विधानसभा सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ का एक-एक कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर नयी ऊर्जा से भर गया है।
ये देश का संविधान, सौहार्द और PDA का मान-सम्मान बचाने का चुनाव है। इसीलिए हमारी सबसे अपील है : एक भी वोट न घटने पाए, एक भी वोट न बँटने पाए।
देशहित में ‘इंडिया गठबंधन’ की सद्भाव भरी ये एकता और एकजुटता आज भी नया इतिहास लिखेगी और कल भी।
वैसे कांग्रेस और सपा दोनों ही गठबंधन नहीं तोड़ना चाहते और सीटों के बंटवारे को लेकर पीछे भी नहीं हटना चाहते। अब सबकी नजरें आज होने वाले अधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं।

