UP कॉलेज हत्याकांड: चौथे दिन छात्रों का कैंडल मार्च, “सूर्या को न्याय दो” की गूंज

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उदय प्रताप कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के चौथे दिन सोमवार को छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी। हजारों छात्र-छात्राएं हाथों में कैंडल और बैनर लेकर कैंपस से जुलूस के रूप में निकले और दिवंगत छात्र को याद किया।
मार्च के दौरान छात्रों ने “जब तक सूरज चांद रहेगा, सूर्या तेरा नाम रहेगा” और “सूर्या हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” जैसे नारे लगाए। हत्याकांड की चश्मदीद छात्रा भी इस मार्च में सबसे आगे मौजूद रही।छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए कहा कि परिसर में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

श्रद्धांजलि सभा में छात्रों ने एक स्वर में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग दोहराई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर तीन आईपीएस, सात एसीपी, करीब 200 पुलिसकर्मी और पीएसी की दो टुकड़ियां लगाई गई हैं। पुलिस लगातार कैंपस और आसपास के इलाकों में निगरानी बनाए हुए है।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को कॉलेज परिसर में छात्र मंजीत सिंह चौहान ने दिनदहाड़े सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे रैगिंग विवाद और वर्चस्व की लड़ाई को कारण माना जा रहा है।

