यूपी कॉलेज हत्याकांड: मुख्य आरोपी मंजीत गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े हुए छात्र हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, वर्चस्व की लड़ाई को लेकर आरोपी ने बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या की थी। घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कॉलेज के कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की गैलरी में क्लासरूम के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे छात्र को सीने और सिर में गोलियां लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश में कॉलेज की छत से कूद गया, जिससे उसका एक पैर टूट गया। इसके बावजूद वह लिफ्ट लेकर भोजुबीर तिराहा पहुंचा और शहर छोड़ने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाले, जिसमें वह अपने नाम के साथ ‘माफिया’ शब्द का इस्तेमाल करता था और ‘1818’ नाम से एक गैंग चलाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इससे उसकी आपराधिक मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से तीन कारतूस बरामद किए हैं, जबकि पोस्टमार्टम में मृतक के शरीर से चार गोलियां निकली हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का सहयोगी अनुज सिंह फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छह टीमें लगाई गई हैं।फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

