यू.पी. कॉलेज में छात्र की हत्या के बाद बवाल, 6 घंटे तक धरना; आरोपी के एनकाउंटर की मांग

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उदय प्रताप कॉलेज में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद शुक्रवार को परिसर में भारी बवाल हो गया। घटना से आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट पर धरना शुरू कर दिया और आरोपी छात्र के एनकाउंटर की मांग करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज के आसपास करीब 2 किलोमीटर के दायरे में सैकड़ों दुकानों को बंद करा दिया। करीब 6 घंटे तक छात्र गेट पर डटे रहे, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
शाम करीब 3:30 बजे प्रदर्शन उग्र हो गया। इस दौरान तोड़फोड़ और झड़प में केमिस्ट्री विभाग के एचओडी समेत तीन शिक्षकों के घायल होने की सूचना है। कुछ शिक्षकों की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त कर दी गईं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

