कोर्ट पेशी से पहले हंगामा: आज़म खां ने बड़े कैदी वाहन में बैठने से किया इनकार, बोले—“मैं राजनीतिक कैदी हूं”

रामपुर, जनमुख न्यूज़। पूर्व सांसद अमर सिंह के परिवार पर विवादित टिप्पणी मामले में शुक्रवार को सपा नेता आज़म खां की कोर्ट में पेशी निर्धारित थी। लेकिन पेशी से पहले रामपुर जेल के बाहर अचानक अफरा-तफरी मच गई। दोपहर बाद जेल प्रशासन ने उन्हें कोर्ट ले जाने के लिए बड़ा कैदी वाहन उपलब्ध कराया, जिसे देखते ही आज़म खां भड़क गए।
वाहन को बाहर आते ही उन्होंने उसमें बैठने से सख्त इनकार कर दिया और कहा कि वे “राजनीतिक कैदी” हैं, इसलिए ऐसे वाहन में नहीं जाएंगे। उन्होंने अपने लिए बोलेरो जैसे छोटे वाहन की व्यवस्था करने की मांग की। बड़े कैदी वाहन में बैठने से मना करते ही वे वापस जेल के अंदर चले गए।
इसके बाद पुलिस और जेल प्रशासन उन्हें मनाने में जुट गया। अधिकारियों ने उनकी मांग पर छोटे वाहन की व्यवस्था शुरू कर दी है। थोड़ी देर में आज़म खां को अमर सिंह टिप्पणी मामले में कोर्ट में पेश किया जाएगा। अदालत ने इस मामले में उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य की है।

