गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच वाराणसी प्रशासन का बड़ा फैसला: शादी वाले घरों को मिलेगी प्राथमिकता
वाराणसी, जनमुख न्यूज़। देशभर में इन दिनों घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी कमी देखने को मिल रही है। हालात यह हैं कि लोग कई दिनों तक गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने के बावजूद सिलेंडर नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं। इस समस्या से आम जनता काफी परेशान है, खासकर ऐसे समय में जब शादी-ब्याह और मांगलिक कार्यक्रमों का सीजन शुरू होने वाला है।
गैस संकट के चलते कई परिवारों की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं और शादियों पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इसी बीच वाराणसी जिला प्रशासन ने राहत देने के लिए अहम कदम उठाया है।
प्रशासन ने तय किया है कि जिन घरों में शादी या अन्य मांगलिक कार्यक्रम होने वाले हैं, उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए विशेष व्यवस्था बनाई गई है, जिसके तहत आवेदकों को शादी का कार्ड लेकर संबंधित गैस एजेंसी या अर्दली बाजार स्थित जिला पूर्ति कार्यालय में आवेदन करना होगा।
जिलापूर्ति कार्यालय ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश जारी किए हैं कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। आवेदकों को सिलेंडरों की आवश्यकता, पहचान से जुड़े दस्तावेज और शादी का कार्ड प्रस्तुत करना होगा। गैस एजेंसियां रोजाना ऐसे आवेदनों की सूची जिला पूर्ति कार्यालय को भेजेंगी।
जिलापूर्ति अधिकारी केवी सिंह के अनुसार, शादी वाले घरों को कमर्शियल गैस सिलेंडर के लिए अस्थायी कनेक्शन लेना होगा। इसके लिए निर्धारित सिक्योरिटी राशि और शुल्क जमा करना होगा, जो कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सिलेंडर लौटाने पर वापस कर दी जाएगी।
प्रशासन के इस फैसले से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो गैस संकट के कारण अपने मांगलिक कार्यक्रमों को लेकर चिंतित हैं।

