वाराणसी: घरेलू विवाद के बाद पति ने लगाई फांसी, पत्नी ने खाया जहर; हालत गंभीर

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सिगरा थाना क्षेत्र स्थित सोनिया इलाके में पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद पति ने फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि पत्नी ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, संदीप प्रजापति उर्फ बाबू (35), पुत्र स्वर्गीय रामदास प्रजापति, पेशे से पान विक्रेता थे। उनका अपनी पत्नी अनीता प्रजापति से अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। मंगलवार शाम भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने खुद को अलग-अलग कमरों में बंद कर लिया।
बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद के बाद संदीप ने कमरे में पंखे के कुंडे से चादर का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। हल्की आवाज सुनकर परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।उधर, पति की मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी अनीता बेसुध हो गईं। कुछ देर बाद उन्होंने भी घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने पर सिगरा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत परिवारजनों से बात करें या स्थानीय हेल्पलाइन/चिकित्सकीय सहायता लें। समय पर मदद जीवन बचा सकती है।

