गंगा के बीच नाव पर ‘बीयर पार्टी’ का वीडियो वायरल, वाराणसी पुलिस ने शुरू की जांच

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। काशी में गंगा नदी के बीच नाव पर पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। रविवार को हुई इस घटना में कुछ नाविकों द्वारा नाव पर बीयर पार्टी और डीजे डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नाव को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है और उस पर बड़े-बड़े डीजे सिस्टम लगाए गए हैं। गंगा के बीच नाव पर तेज संगीत के साथ लोग डांस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान शराब का सेवन भी किया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह दिन अष्टमी का था, जब माझी समाज के लोग ‘बधावा’ लेकर Sheetla Mata Temple Adalpur के लिए रवाना होते हैं।हर साल की तरह इस बार भी हजारों नाविक इस परंपरा के तहत गंगा के रास्ते शीतला धाम जा रहे थे।
रविवार को करीब 4000 नाविक 1500 नावों के साथ गंगा में उतरे। यह परंपरा वर्षों पुरानी है, जिसमें भक्ति, लोकगीत और सांस्कृतिक आयोजन शामिल होते हैं। नाविक ‘बधावा’ गीत गाकर अपनी कुलदेवी का गुणगान करते हैं। इस बीच साथ चल रहे एक नाव पर युवक डीजे की तेज धुन पर डांस कर रहे थे। इस दौरान युवकों ने बियर भी पी और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड भी किया।
इस मामले में माझी समाज से जुड़े संगठन ‘मां गंगा निषादराज सेवा न्याय’ ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की हरकत को पूरे समाज से जोड़ना गलत है और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह घटना धार्मिक परंपरा के दौरान अनुशासन और मर्यादा को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

